जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, जनपद अल्मोड़ा में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के संबंध में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्य से जुड़ी शिकायतों और सुझावों पर चर्चा करते हुए मतदाता सूची के शुद्ध एवं त्रुटिरहित प्रकाशन के लिए सभी दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदाता सूची की शुद्धता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निष्पक्ष और सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। एडीएम ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही अधिक से अधिक मतदाताओं को ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने के लिए जागरूक करने का आग्रह करते हुए कहा कि एसआईआर के कार्यों को त्वरित और पारदर्शी बनाने में ऑनलाइन माध्यम काफी प्रभावी साबित हो रहा है।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
