Sat. May 2nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 02 मई 2026 उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु अपने प्रथम नियुक्ति स्थल रानीखेत पहुंचे, जहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में वर्ष 2000 से 2026 तक रानीखेत क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से की गई। प्रमुख सचिव ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में सड़कें जीवन रेखा हैं, इसलिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने जिलाधिकारी अंशुल सिंह को सभी विकास कार्यों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वन विभाग से जुड़े मामलों में आवश्यक अनुमतियों में देरी न करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष पर गंभीरता से काम करने की बात कही।
शिक्षा विभाग को गुणवत्ता सुधार पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए, वहीं स्वास्थ्य विभाग को जनसंतोष के आकलन हेतु मजबूत फीडबैक सिस्टम और अस्पतालों में प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था विकसित करने को कहा गया।
पर्यटन क्षेत्र की समीक्षा के दौरान प्रमुख सचिव ने “हाई वैल्यू-लो वॉल्यूम” पर्यटन मॉडल अपनाने पर जोर देते हुए इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि रानीखेत में वेलनेस और नेचुरोपैथी पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाना चाहिए।
इसके अलावा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने को कहा।
बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने विधायक प्रमोद नैनवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनके सुझाव भी लिए।
इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर आर घोड़के, जॉइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।