जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, अल्मोड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत से शिष्टाचार भेंट कर जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, रेडक्रॉस की जनकल्याणकारी गतिविधियों के विस्तार तथा भविष्य में संयुक्त रूप से स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।
प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ के समक्ष नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में रेडक्रॉस की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस के बेहतर समन्वय से आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने भविष्य में सभी जनहितकारी अभियानों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने भी स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जनसेवा के कार्यों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक राहत एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए रेडक्रॉस लगातार सक्रिय रहेगा।
बैठक में रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन आशीष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ चेयरमैन अमित साह ‘मोनू’, यूथ सचिव मनोज भंडारी ‘मंटू’, उपसचिव अभिषेक जोशी, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, हरीश कनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
