Mon. Jun 15th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल बाबा नीम करौली महाराज के पावन कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
मेले के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं बरेली, रामपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी और रामनगर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।
भवाली और भीमताल से कैंची धाम तक ‘नो-जाम, नो-वेटिंग’ व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को लगातार गतिशील लाइनों के माध्यम से दर्शन कराए जा रहे हैं। एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर बिना किसी प्रतीक्षा के शटल बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा।
उच्चाधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयासों के चलते मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है। अब तक हजारों श्रद्धालु महज डेढ़ से दो घंटे के भीतर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर चुके हैं।
नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करने की अपील करते हुए उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की है।