Thu. Jul 30th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित गरिमामय पीपिंग सेरेमनी में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील चन्द्र जोशी को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने उनके कंधों पर पारंपरिक रूप से अलंकार एवं सितारे सजाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिस अधिकारी की कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यशैली और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी ईमानदारी, कार्यकुशलता और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए नैनीताल पुलिस की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
ऊधम सिंह नगर के शांतिपुरी निवासी सुशील चन्द्र जोशी ने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखण्ड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में सेवा शुरू की थी। वर्ष 2008 में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर वे उपनिरीक्षक बने और प्रशिक्षण के बाद उत्तरकाशी में पहली नियुक्ति मिली। इसके बाद उन्होंने नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपद में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्तमान में वह थानाध्यक्ष मुखानी के पद पर कार्यरत हैं और अब निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए हैं।
समारोह में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, वाचक एसएसपी रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


You missed