जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 23 जुलाई। चिकित्सा सेवा बोर्ड, देहरादून द्वारा 25 एवं 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली नर्सिंग ऑफिसर भर्ती लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रवेश पत्रों और अभ्यर्थियों की पहचान का गहन सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने, सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में आयोजित इस भर्ती परीक्षा में 25 जुलाई को 361 तथा 26 जुलाई को 228 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं परीक्षा नोडल अधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी बलवंत रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
