जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 23 जुलाई। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला हाईवे सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर सड़क सुरक्षा, दुर्घटना संभावित स्थलों, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्यों को शीघ्र पूरा करने, क्षतिग्रस्त संकेतकों एवं क्रैश बैरियरों की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने तथा सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित कटाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने सदस्य सचिव के रूप में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित जिला हाईवे सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।
