जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
रामनगर (नैनीताल)। स्कूटी से पीछा कर तमंचे की नोक पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी और घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को वादी सुरजीत सिंह निवासी तुमड़िया डाम द्वितीय, मालधन चौड़ ने थाना रामनगर में तहरीर दी थी कि वह अपने पुत्र के साथ वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो स्कूटी सवारों ने उनका पीछा कर वाहन रुकवाया। इसके बाद चार युवकों ने तमंचा तानकर उनके साथ मारपीट की और ₹10,000 नकद व उनके पुत्र का मोबाइल फोन लूट लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रामनगर में FIR संख्या 128/26 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 मई 2026 को आमपोखरा रेंज क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आयुष चन्याल उर्फ अंशु (21), अनिल बिष्ट (22) और प्रिंस कुमार (18) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 अवैध 315 बोर तमंचे, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा ₹7200 नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
