Sun. Sep 20th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु नैनीताल पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों को मेला क्षेत्र में तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा मेला कमेटी के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को सुचारू रखने तथा श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसकर्मी विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।
कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र से निगरानी
मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से मेले की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं, खोया-पाया केंद्र के माध्यम से मेले में बिछड़ने वाले बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाने की व्यवस्था की गई है।
मेला क्षेत्र और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। प्रवेश एवं निकास मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है।
यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की पैनी नजर
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। नैनीताल रोड अथवा अन्य मार्गों पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिसकर्मी मेला क्षेत्र के साथ ही प्रमुख सड़कों पर लगातार तैनात रहकर यातायात एवं भीड़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मां नंदा-सुनंदा के सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अपने सामान एवं कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को अपने साथ रखें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखते हुए पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
किसी बच्चे, बुजुर्ग अथवा परिजन के बिछड़ने की स्थिति में तत्काल खोया-पाया केंद्र से संपर्क करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई है।