जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड में खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियन ट्रॉफी समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें बेहतर अवसर एवं उचित प्रोत्साहन दिया जाना आवश्यक है। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को मंच और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें आगे लाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है।
रेखा आर्या ने कहा कि वर्तमान समय में खेलों के प्रति समाज की सोच में भी सकारात्मक बदलाव आया है। अभिभावक अपने बच्चों को खेल गतिविधियों में भाग लेने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की है।
उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों को बधाई दी। खेल मंत्री ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को परिणाम से निराश होने के बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित अभ्यास और पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ-साथ शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया।