जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
राज्यपाल एवं कुलाधिपति गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल) के समक्ष सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति सतपाल सिंह बिष्ट ने ‘विधि सहयोगी’ मोबाइल एप का प्रस्तुतीकरण किया।
कुलपति प्रो. बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘विधि सहयोगी’ एक एआई सक्षम मोबाइल एप है, जिसका उद्देश्य आम लोगों को सरल भाषा में कानूनी जानकारी उपलब्ध कराना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा विधिक सहायता तक पहुंच को आसान बनाना है।
उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से उपयोगकर्ता विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, अध्ययन सामग्री हासिल कर सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अधिवक्ताओं से भी संपर्क कर पाएंगे। साथ ही भविष्य में इसमें ऑनलाइन परामर्श, केस ट्रैकिंग, दस्तावेज प्रबंधन और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। फिलहाल इस पर कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही इसे लॉन्च किया जाएगा।
प्रस्तुतीकरण के दौरान राज्यपाल ने एप के निर्माण में योगदान देने वाली विश्वविद्यालय की टीम और विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कुलपति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि एप में समय-समय पर आवश्यक सुधार और अपडेट किए जाते रहें, ताकि इसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता निरंतर बढ़ती रहे। उन्होंने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, जिससे अधिक से अधिक लोग इस एप का लाभ उठा सकें। साथ ही लॉन्च से पूर्व जनजागरूकता के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल तथा अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
