Fri. May 1st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

सोमेश्वर (अल्मोड़ा) रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमेश्वर में जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष राजू भट्ट ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक ओर “नारी शक्ति वंदन” जैसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं के सशक्तिकरण का दावा किया जाता है, वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर महिलाओं की बचत पर सीधा प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावटी कार्यक्रमों के जरिए जनता को गुमराह कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि हिमालयी राज्यों में महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों में उत्तराखंड शीर्ष पर है, लेकिन इसके बावजूद सरकार महिला सशक्तिकरण के दावे कर रही है, जो केवल राजनीतिक दिखावा है।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष किशोर नयाल, जिला पंचायत सदस्य प्रकाश खाती (पल्युड़ा), संतोष कुमार, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष राहुल आर्या, भुवन दोसाद, श्याम सिंह दोसाद, राजेन्द्र बोरा, सुरेश बोरा, रंजीत नयाल, हीरा मेहरा, रंजीत बोरा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।