Fri. May 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा बाड़ेछीना स्थित पेट्रोल पंप पर पिछले लगभग दो माह से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बाधित रहने से क्षेत्रवासियों, पर्यटकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए पूर्ति निरीक्षक, राजस्वग्राम बाड़ेछीना द्वारा पेट्रोल पंप स्वामी को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर ईंधन आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी नोटिस में कहा गया है कि अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर स्थित इस पेट्रोल पंप में लंबे समय से ईंधन उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए अल्मोड़ा तक जाना पड़ रहा है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में पूर्व में दूरभाष के माध्यम से कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
विभाग ने वर्तमान पर्यटन सीजन को देखते हुए क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की नियमित उपलब्धता को अत्यंत आवश्यक बताया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो संबंधित पेट्रोल पंप स्वामी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नोटिस की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी सदर अल्मोड़ा और जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा को भी भेजी गई है।
इधर, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से डीजल-पेट्रोल की किल्लत की जानकारी मिलने पर चिंता जताई। पिलख्वाल ने कहा कि बाड़ेछीना क्षेत्र से गुजरने वाले स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और वाहन चालकों को ईंधन न मिलने से गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेट्रोल पंप पर नियमित ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।