जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड
अल्मोड़ा प्रदेश के वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल गुरुवार को अल्मोड़ा पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की।
सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंत्री को जनपद में संचालित विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। मंत्री ने वन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्य प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंत्री सुबोध उनियाल सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में आयोजित वार्षिकोत्सव “नेबुला-2026” में शामिल हुए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मंत्री ने संस्थान की वार्षिक पत्रिका “मोनाल” का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए मंत्री ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों पर समाज की बड़ी जिम्मेदारी होती है और उन्हें सेवा भावना, संवेदनशीलता एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज का युवा विकसित भारत-2047 के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। छात्र-छात्राओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे केवल अच्छे डॉक्टर बनने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करें।
इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य सीपी भैंसोड़ा, भाजपा जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, कुंदन लटवाल, पार्षद अर्जुन बिष्ट, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
