Fri. May 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह एक्शन मोड में नजर आए। डायट मैदान के निरीक्षण के दौरान मिली शिकायत पर उन्होंने खुद कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों को सिगरेट बेचने वाले दुकानदार को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार डायट मैदान में निरीक्षण के दौरान वहां कार्य कर रहे लोगों ने जिलाधिकारी को कुछ लोगों द्वारा नशा किए जाने की सूचना दी। इसी दौरान आसपास कुछ बच्चों के सिगरेट पीने की शिकायत भी सामने आई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चों से पूछताछ की।
बच्चों ने जिस दुकान से सिगरेट खरीदी थी उसकी जानकारी देने पर जिलाधिकारी बच्चों को अपने वाहन में बैठाकर शिखर होटल के पास स्थित दुकान तक पहुंचे। वहां उन्होंने एक बच्चे को दुकान से सिगरेट खरीदने के लिए भेजा। जैसे ही दुकानदार ने बच्चे को सिगरेट बेची, जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकानदार को पकड़ लिया और नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने पर कड़ी फटकार लगाई।
इसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी दुकानदार 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद न बेचे।
उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही आम जनता से भी अपील की कि इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।