जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अल्मोड़ा, सोमेश्वर, ताकुला और हवालबाग क्षेत्रों में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहिया वाहनों को धक्का लगाकर सांकेतिक प्रदर्शन भी किया और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग की कमर टूट चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर देश की जनता बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार टैक्स बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी बढ़ती महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम नहीं किए गए तो कांग्रेस और बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, सेवा दल जिलाध्यक्ष दिनेश नेगी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शोभा जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पांडे, पूर्व नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, दीप डांगी, अख्तर हुसैन, आनंद बिष्ट, गीता मेहरा, दीपा शाह, किरण आर्य, तारा तिवारी, भैरव गोस्वामी, दिनेश पिलखवाल, निर्मल रावत, केवल सती, गोविंद मेहरा, नरेश बारकोटी, जगदीश पांडे, संजय दुर्गापाल, शरद शाह, दीपेश कांडपाल, पार्षद दीपक कुमार, मुकेश कुमार, मयंक बिष्ट, पंकज पाठक, रितिक नयाल और परितोष जोशी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।