Thu. May 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा ऑल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एवं उत्तरांचल औषधि व्यवसाई महासंघ द्वारा आहूत देशव्यापी हड़ताल का असर बुधवार को अल्मोड़ा में भी देखने को मिला। शहर के चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में दवा व्यवसायियों ने ऑनलाइन फार्मेसियों, बड़े कॉर्पोरेट घरानों द्वारा भारी डिस्काउंट पर दवा बिक्री और नशीली दवाओं की सुगम उपलब्धता के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसियों द्वारा अपनाई जा रही दवा वितरण प्रणाली से छोटे और मध्यम स्तर के केमिस्टों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि बड़े कॉर्पोरेट समूह भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोरों के अस्तित्व पर संकट खड़ा कर रहे हैं। कई छोटे दवा विक्रेताओं को अपना कारोबार समेटना पड़ा है, जिससे इस क्षेत्र से जुड़े युवाओं के सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया है।
दवा व्यवसायियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस व्यवस्था पर रोक नहीं लगाई गई तो लाखों मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की नौकरियां भी प्रभावित होंगी, क्योंकि कंपनियों के लक्ष्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं। वक्ताओं ने मांग उठाई कि औद्योगिक घरानों द्वारा संचालित ऑनलाइन फार्मेसियों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए।


संगठन की ओर से बताया गया कि हड़ताल के दौरान मरीजों को आकस्मिक स्थिति में आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अस्पतालों के प्रमुख अधीक्षकों को पहले ही संबंधित मेडिकल स्टोरों के संपर्क नंबर उपलब्ध करा दिए गए थे।


प्रदर्शन के बाद दवा व्यवसायियों ने दो मिनट का मौन रखकर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय Bhuwan Chandra Khanduri को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में प्रांतीय अध्यक्ष बहादुर सिंह मनकोटी, नगर अध्यक्ष आशीष वर्मा, राघव पंत, गिरीश उप्रेती, दीप वर्मा, गगन जोशी, जगदीश पंत, कस्तूरी लाल, वीरेंद्र बृजवाल, देवेश पंत, सुभाष कर्नाटक, अक्षय भट्ट, भुवन गुरुरानी, महेंद्र जोशी, देवेंद्र मेहरा, गजेंद्र सिंह, हरीश जोशी, ओमप्रकाश जोशी, दीक्षा तिवारी, चंदन मेर, चंदन बिष्ट और मनीष तिवारी समेत बड़ी संख्या में दवा विक्रेता मौजूद रहे।