Mon. May 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार एवं लगाम’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 253 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ जगदीश चन्द्र तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कटियालl के पर्यवेक्षण में जिलेभर में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े 71 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 11 वाहनों को सीज किया गया।
इसके अलावा गलत नंबर प्लेट और संदिग्ध पाए गए 52 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वाले 32 चालकों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा। बिना नंबर प्लेट के चल रहे 8 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 156 कोर्ट चालान किए गए।
पुलिस ने अभियान के दौरान वाहनों पर लगी प्रतिबंधित काली फिल्म भी मौके पर हटवाई। वहीं ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ एल्कोमीटर से जांच कर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।
एसएसपी नैनीताल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।