जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा दौरे के दौरान आज नगर निगम की उपेक्षा, विकास कार्यों में भेदभाव और स्थानीय समस्याओं की लगातार अनदेखी को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। विरोध कर रहे लोगों ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अल्मोड़ा नगर निगम लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी, बदहाल सड़कों, पेयजल संकट, पार्किंग व्यवस्था, सफाई और विकास योजनाओं की उपेक्षा झेल रहा है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। लोगों ने कहा कि अल्मोड़ा के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है और जनहित के मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अल्मोड़ा की जनता के अधिकारों, नगर निगम की मांगों और शहर की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरमाया रहा और पुलिस प्रशासन को भी स्थिति संभालने के लिए सक्रिय रहना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अल्मोड़ा के विकास के लिए ठोस कार्ययोजना और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
