Fri. May 29th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

रामनगर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) का सप्तम वार्षिक अधिवेशन आगामी 1 एवं 2 जून को अग्रवाल सभा भवन, रामनगर में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन का शुभारंभ 1 जून को प्रातः 11 बजे होगा, जबकि 2 जून को खुले अधिवेशन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार अधिवेशन में पार्टी कार्यकर्ताओं, नेतृत्वकारी साथियों, संघर्षशील सहयोगियों तथा विभिन्न जन आंदोलनों से जुड़े लोगों की भागीदारी रहेगी। उपपा ने सभी जनपक्षीय एवं परिवर्तनकामी साथियों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है।
उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी एवं प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के मूल सपने—व्यवस्था परिवर्तन, सामाजिक न्याय और जनसरोकारों पर आधारित विकास—आज तक पूरे नहीं हो सके हैं।
नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की लूट, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, बेरोजगारी, ठेकेदारी व्यवस्था तथा नशे के बढ़ते कारोबार ने आम जनता का जीवन संकटग्रस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में सत्ता में रही सरकारों की जनविरोधी नीतियों के कारण उत्तराखंड आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संकटों से जूझ रहा है।
उपपा नेताओं ने अंकिता भंडारी कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं ने सत्ता की वीआईपी संस्कृति और संवेदनहीनता को उजागर किया है।


पार्टी ने किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और शोषण का सामना कर रहे सभी वर्गों से व्यापक राजनीतिक बदलाव के लिए संगठित होने का आह्वान किया है।