Mon. May 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा आगामी 27 मई 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री धामी के जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कार्यक्रम स्थल उदय शंकर नृत्य अकादमी, फलसीमा का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखें।
जिलाधिकारी ने बताया कि उदय शंकर नृत्य अकादमी में एसडीजी अचीवर्स अवार्ड वितरण समारोह आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम में आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, मंच संचालन, अवॉर्ड वितरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं ताकि कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।