Mon. May 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर अल्मोड़ा विधायक Manoj Tiwari ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महंगाई पहले ही चरम पर है और अब ईंधन के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम जनता, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि पिछले 10 दिनों में चौथी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है। आज पेट्रोल की कीमत में करीब 2.61 से 2.80 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 से 2.90 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का लाभ सरकार जनता तक नहीं पहुंचा रही है। उल्टा टैक्स और अन्य शुल्क बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पहले ही परिवहन व्यवस्था महंगी है और ईंधन के दाम बढ़ने से आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई भी महंगी हो जाएगी।
मनोज तिवारी ने कहा कि डीजल महंगा होने का सीधा असर टैक्सी संचालकों, बस मालिकों, छोटे व्यापारियों और किसानों पर पड़ेगा। फल, सब्जी, राशन और निर्माण सामग्री जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ में अधिकांश लोग निजी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं, ऐसे में लगातार बढ़ती कीमतें आम जनता के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी पहले से बढ़ रही है और अब महंगाई ने परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री, बिजली, दवाइयों और शिक्षा का खर्च पहले ही बढ़ चुका है। ऐसे में ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
विधायक ने केंद्र सरकार से पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त टैक्स में तत्काल कटौती करने की मांग की। साथ ही राज्य सरकार से भी वैट कम कर जनता को राहत देने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो जनता का आक्रोश सड़कों पर दिखाई देगा और कांग्रेस पार्टी महंगाई के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होगी।