जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में 16 जुलाई से आयोजित होने वाले श्रावणी मेले, राज्य स्तरीय हरेला पर्व एवं बहुउद्देशीय शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर और गरुड़ाबांज क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए सभी विभागों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वृद्ध जागेश्वर से हुई, जहां जिलाधिकारी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जागेश्वर धाम पहुंचकर 16 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जागेश्वर क्षेत्र के पुजारियों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी गरुड़ाबांज पहुंचे, जहां राज्य स्तरीय हरेला पर्व का शुभारंभ और बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, मंच, बैठक व्यवस्था, पौधरोपण स्थल, विभागीय स्टॉल, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला, हरेला पर्व और बहुउद्देशीय शिविर जनपद के महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आमजन की सहभागिता के साथ मुख्यमंत्री का प्रस्तावित आगमन भी है। ऐसे में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें तथा नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कमियों का तत्काल समाधान करें।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार राज, उपजिलाधिकारी भनोली सौम्या गर्ब्याल, प्रबंधक एवं तहसीलदार ज्योति धपवाल, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जागेश्वर क्षेत्र के हितधारक तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
