Thu. Jul 30th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए चारधाम यात्रा को अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, खराब मौसम और यात्रा मार्गों की बिगड़ी स्थिति के चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्गों की स्थिति की समीक्षा के बाद ही चारधाम यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। फिलहाल चारधाम मार्ग के कई संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है, जिसके चलते पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी अलर्ट का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम अनुकूल होते ही यात्रा को सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नंदा की चौकी पुल की स्थिति का भी उल्लेख करते हुए अधिकारियों को सभी संवेदनशील पुलों और प्रमुख मार्गों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने और अगली आधिकारिक घोषणा तथा मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के बाद ही आगे की यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। साथ ही पर्यटकों से भी पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।