Sun. Aug 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी घर से बिना बताए लापता हुए 12 वर्षीय बालक शिवम को बनभूलपुरा पुलिस ने छह दिन की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बालक को गौलापार स्टेडियम के सामने वाली गली से बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के बाद उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर वार्ड नंबर-15 निवासी श्रीमती ऊषा देवी पत्नी स्व. पप्पू यादव ने 8 अगस्त 2026 को थाना बनभूलपुरा में तहरीर देकर बताया कि उनका करीब 12 वर्षीय पुत्र शिवम 2 अगस्त की शाम लगभग सात बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बनभूलपुरा पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 129/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या को सौंपी।
बालक की सकुशल बरामदगी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश करने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
पुलिस के अथक प्रयासों के बाद लापता बालक शिवम को गौलापार स्टेडियम के सामने वाली गली से बागजाला जाने वाले मार्ग से सकुशल बरामद कर लिया गया। बालक के मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे उसकी माता श्रीमती ऊषा देवी के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
अ0उ0नि0 पुष्कर आर्या
का0 हरीश रावत
का0 हेम चंद डालाकोटी