Fri. Sep 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं समस्त उपजिलाधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें।
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सकारात्मकता आती है और अन्य कार्मिकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा तथा उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, सुनील कुमार, संजय कुमार, सौम्या गर्ब्याल एवं याक्षी अरोड़ा को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।