जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नैनीताल रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में होने वाली अहम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बुधवार, 9 सितंबर 2026 को SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी कार्यवाही के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों और अवांछनीय तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा बिना आईडी घूमने वाले तथा अनावश्यक रूप से क्षेत्रों में घूम रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही AREA DOMINATION की कार्रवाई भी लगातार जारी है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर
नैनीताल पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने अफवाह एवं भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।
आमजन से शांति बनाए रखने की अपील
SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आमजन से माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आगामी फैसले का सम्मान करने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अफवाह फैलाने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।