Fri. Sep 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में युवा कांग्रेस अल्मोड़ा ने चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष एवं भाजपा सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया और राजनीतिक विरोध के दौरान मर्यादित भाषा के इस्तेमाल की मांग उठाई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में किसी भी राजनीतिक नेता के खिलाफ अमर्यादित एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशभर में एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं और छात्रों से जुड़े सवालों, किसानों की समस्याओं तथा महिलाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी के जरिए जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाने का प्रयास कर रही है।
युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव एवं युवा नेता गोपाल भट्ट ने कहा कि “2027 में युवा जाग चुका है। अब युवा किसी बहकावे और जुमलेबाजी में आने वाला नहीं है। जनता अपने अधिकारों, सम्मान और भविष्य के लिए लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।” उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस राहुल गांधी के न्याय के विचार और संविधान की रक्षा की लड़ाई में मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि जनहित, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवा कांग्रेस की लड़ाई सड़क से सदन तक लगातार जारी रहेगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे राहुल गांधी के संघर्ष के साथ खड़े हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, प्रदेश सचिव प्रदीप बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष रोहित पंत, इसरार अहमद व संतोष कुमार, जिला महासचिव विशाल पड़ियार व चांदनी आर्या, जिला सचिव तनुजा आर्या, मयंक धामी, अमन लटवाल व राहुल फर्त्याल समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पंकज पंत, प्रकाश जोशी, मयंक गोरखा, कार्तिक बिष्ट, कमल बिष्ट, दिवांशी आर्य, सानिया आर्य सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।