जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गरूड़ाबांज में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘संभावनाएं और चुनौतियां’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में अपने ज्ञान और नवाचार का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिवेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए विज्ञान एवं तकनीकी का रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने में इस तरह की प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं नवाचार की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में राउमावि मकड़ाऊ की तनुजा ने प्रथम, राइंका खेती के करन ने द्वितीय तथा राउमावि जागेश्वर की चित्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अव्वल प्रतिभागियों को राशिसं के ब्लॉक मंत्री नितेश कांडपाल ने अपनी ओर से नकद धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लॉक विज्ञान समन्वयक जीवन लाल साह, रेखा जोशी, रमेश चन्द्र पाण्डे, नवनीत कुमार आर्या, हीरा सिंह, विवेक सुयाल, त्रिभुवन बिष्ट, लक्ष्मण सिंह रावत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।