जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा आगामी 16 सितंबर से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक नंदा देवी मेले को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने नंदा देवी मंदिर पहुंचकर मेला आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला अल्मोड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देने के साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मेले की तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। साथ ही मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नंदा देवी मेला समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।