Wed. Sep 16th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की देखरेख में तहसील अल्मोड़ा के अंतर्गत ग्राम भानारगूंठ में मंडुवा की फसल की क्रॉप कटिंग का कार्य किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्वयं मंडुवा की फसल काटकर किसानों को खेती के प्रति प्रोत्साहित किया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विभिन्न फसलों की क्रॉप कटिंग का प्रयोग राजस्व विभाग एवं कृषि सांख्यिकी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है। क्रॉप कटिंग से प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर फसलों के उत्पादन का अनुमान और उत्पादकता की गणना की जाती है। साथ ही इन आंकड़ों का उपयोग प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा दावों के भुगतान में भी किया जाता है। फसलों के उत्पादन से संबंधित आंकड़े किसानों के हित में नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
क्रॉप कटिंग प्रयोग के लिए चयनित खेत में 5×6 मीटर यानी 30 वर्ग मीटर के दो प्रयोगात्मक प्लाट बनाए गए। दोनों प्लाटों में मंडुवा के पौधों की कटाई कर मड़ाई के बाद प्राप्त अनाज का वजन किया गया। प्रथम प्लाट से 3.80 किलोग्राम तथा द्वितीय प्लाट से 2.35 किलोग्राम मंडुवा प्राप्त हुआ। इस प्रकार दोनों प्लाटों से कुल 6.15 किलोग्राम मंडुवा प्राप्त हुआ।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने किसानों से उनकी ओर से उत्पादित की जा रही विभिन्न फसलों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आधुनिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज के साथ ही खेती की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ ही अपनी आर्थिकी मजबूत कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
इस अवसर पर सहायक सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार, सहायक भूमि सुधार अधिकारी वासु लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।