Wed. Sep 16th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।

महिला कल्याण विभाग की ओर से राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख में आयोजित बैठक में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊ, लमगड़ा में शिक्षिका द्वारा छात्रा के साथ कथित मारपीट के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आयोग के सदस्य ने संबंधित विभागों से मामले की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बच्चों के साथ होने वाली घटनाओं को किसी भी स्तर पर हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में गलत संदेश न जाए।

उन्होंने शिक्षा विभाग को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से विद्यालयों में रोस्टर के अनुसार व्यापक जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण तथा नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। अभियान के लिए शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है तथा अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आयोग के सदस्य ने बाल कल्याण समिति को पॉक्सो से संबंधित मामलों में बच्चों की आवश्यक काउंसलिंग कराने तथा प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के बाद योगेश सिंह रजवार ने राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल गृह में निवासरत बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। बालिकाओं ने किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई। इसके बाद उन्होंने संस्था में बच्चों के खान-पान, रहन-सहन, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल, मुख्य शिक्षा अधिकारी सीएस बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कमल जोशी, महिला कोतवाली अल्मोड़ा से जानकी भंडारी सहित समाज कल्याण, परिवहन, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन और श्रम विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।