जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड
अल्मोड़ा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने सोमवार को विकासखंड धौलादेवी के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भेंटा बड़ौली का निरीक्षण किया। राजकीय हाईस्कूल ध्याड़ी एवं राजकीय इंटर कॉलेज भेंटा बड़ौली का चयन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में किया गया है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि इसके तहत विद्यालय में विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय भवन, कक्ष-कक्षाओं, परिसर, प्रयोगशालाओं, पेयजल, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यालय की आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
अपर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के लिए परिवहन व्यवस्था, पर्याप्त कक्ष-कक्षाओं, प्रयोगशालाओं की उपलब्धता, विद्यालय तक पहुंच मार्ग और शौचालय समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
जिला शिक्षा अधिकारी रवि मेहता ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज भेंटा बड़ौली को उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित करने का कार्य वर्ष 2025 से गतिमान है तथा विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने शेष आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय की आवश्यकताओं से संबंधित मांग पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने तथा एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।