Wed. Sep 16th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा,  मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित 20 सूत्रीय एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की लक्ष्यवार प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करना प्रत्येक विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं एवं कार्यक्रमों का वास्तविक लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे। सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करे और प्रगति में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करे, ताकि निर्धारित अवधि में सभी लक्ष्य पूरे किए जा सकें।
विभागवार प्रगति की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं होने वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने के कड़े निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय और पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास केएन तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।