Thu. Sep 17th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा मंजुल स्मृति छात्रवृत्ति आयोजक समिति की ओर से पीएमश्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में ताकुला और धौलादेवी विकासखंड के कुल 10 विद्यार्थियों को मंजुल स्मृति छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इनमें ताकुला के छह और धौलादेवी के चार विद्यार्थी शामिल रहे।


ताकुला विकासखंड से जीआईसी मनसारीनाला चौड़ा के हर्षित नेगी, जीआईसी गणनाथ की रीता गोस्वामी, जीआईसी दड़मियां के अमन सिंह बजेठा, एयूजीआईसी सोमेश्वर की रंजना आर्या, जीआईसी सुनौली के कृष्णा सिंह तथा जीजीआईसी सारकोट ताकुला की रेनु आर्या को छात्रवृत्ति दी गई। वहीं धौलादेवी विकासखंड से जीआईसी खेती की नेहा, जीआईसी बाराकूना की पूजा जोशी, जीआईसी दन्या के हर्षित बिष्ट तथा जागनाथ विद्या निकेतन इंटर कॉलेज शौकियाथल के रोहित सिंह कार्की को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और पांच हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। इस तरह 10 विद्यार्थियों को कुल 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। यह प्रोत्साहन छात्रवृत्ति चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 11 और 12 में दो बार प्रदान की जाती है। इस वर्ष ताकुला के विद्यार्थियों को पहली तथा धौलादेवी के विद्यार्थियों को दूसरे वर्ष की छात्रवृत्ति मिली। कार्यक्रम में समाजसेवी तारा भट्ट ने विद्यार्थियों के जलपान आदि के लिए पांच हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी एचआर कोहली, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता और जीजीआईसी की प्रभारी प्रधानाचार्य तोशी टम्टा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सेवानिवृत्त शिक्षक ललित मोहन पांडे विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह की अध्यक्षता छात्रवृत्ति समारोह समिति के संरक्षक एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने की, जबकि संचालन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नीरज पंत ने किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एचआर कोहली ने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करने पर प्रधानाचार्य उमेश चन्द्र पांडे की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य पांडे स्वयं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रहे हैं और अपने पुत्र की स्मृति में छात्रवृत्ति शुरू कर उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का सराहनीय कार्य किया है। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्रवृत्ति का सदुपयोग करने का आह्वान किया।
अमन संस्था के प्रमुख रघु तिवारी ने बताया कि वर्ष 2022 में प्रधानाचार्य उमेश चन्द्र पांडे ने अपने पुत्र की स्मृति में इस छात्रवृत्ति की शुरुआत की थी। इस वर्ष छात्रवृत्ति वितरण का पांचवां वर्ष है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष तक प्रतिवर्ष चार विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती थी, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर छह कर दिया गया है। इसके चलते इस वर्ष कुल 10 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
विशिष्ट अतिथि ललित मोहन पांडे ने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति का सदुपयोग करते हुए पढ़ाई में बेहतर प्रयास करने को कहा। प्रधानाचार्य उमेश चन्द्र पांडे ने विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने और जिज्ञासा की प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिज्ञासु विद्यार्थी अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है, भले ही रास्ते में कितनी भी बाधाएं क्यों न आएं। पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नीरज पंत ने बताया कि समिति वर्ष 2022 से अब तक कुल 38 छात्रवृत्तियां वितरित कर चुकी है। उन्होंने बताया कि एक बार चयनित विद्यार्थी को कक्षा 11 और 12 में दो बार यह छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में जीजीआईसी की प्रधानाचार्य तोशी टम्टा, चन्द्र मणी भट्ट, वैज्ञानिक डॉ. हेमंत कुमार पांडे समेत अन्य लोगों ने भी विचार रखे। इस मौके पर जीआईसी सोमेश्वर के प्रधानाचार्य नंदन राम आर्या, ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रन एकेडमी के प्रधानाचार्य अशोक पंत, जीजीआईसी सारकोट की प्रधानाचार्य नाजा तजीम, गणानाथ की नीलम पंत, जीआईसी खेती के शिक्षक राजेन्द्र प्रसाद, शिक्षिका श्रद्धा शर्मा, सुनीता जोशी, डॉ. पुष्कर बिष्ट, किशन जोशी, हिमांशु लटवाल, अमन संस्था की नीलिमा भट्ट, नीमा कांडपाल, प्रमोद जोशी, मना खत्री, तनुजा आगरी, खीमा नंद भट्ट सहित जीजीआईसी की छात्राएं और चयनित विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।