Fri. Sep 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जनपद में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान अल्मोड़ा जनपद के विभिन्न स्थानों पर करीब 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम मल्ला महल में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं जागेश्वर धाम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा तथा कसारदेवी मंदिर परिसर में दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की।
मल्ला महल में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ विकसित भारत के संकल्प के प्रति जनसहभागिता और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता करने और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी एक माह तक जनपदभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को उनके निकट ही सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम जनपद की सभी तहसीलों, विकासखंडों और विभिन्न सरकारी संस्थानों में भी आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
मल्ला महल में आयोजित कार्यक्रम में जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।