जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 25 सितंबर। अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा की ओर से पांडे खोला स्थित पंडित दीनदयाल पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के बाद भाजपा के “सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत पार्क परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता में सहभागिता कर सेवा, सामाजिक दायित्व और जनहित का संदेश दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति और समाज के सामने एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय का विचार रखा। उनका चिंतन समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और राष्ट्रहित को केंद्र में रखता है। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर उनके विचारों को स्मरण करते हुए सेवा कार्य करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनका एकात्म मानववाद मानव जीवन के विभिन्न पक्षों में संतुलन और समाज के सभी वर्गों के कल्याण पर बल देता है।
दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास का लाभ पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर बल दिया। उनकी जयंती पर आयोजित स्वच्छता जैसे सेवा कार्य सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बिट्टू कर्नाटक, रवि रौतेला, जिला पदाधिकारी दर्शन रावत, सौरभ वर्मा, सुनील बिष्ट, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पंकज भाकुनी, देवाशीष नेगी, दीक्षांत पवार, अर्जुन बिष्ट, सभासद अमित साह, कैलाश गुरुरानी, जगत तिवारी, जगमोहन बिष्ट, जगदीश चौहान, विजय भट्ट, आनंद कनवाल, दिनेश मठपाल, जगदीश नगरकोटी, रमेश धपोला, दीपक भंडारी, अभिषेक तिवारी सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को स्मरण करते हुए समाजसेवा एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।