Fri. Nov 13th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर हमला तेज करते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को चौघानपाटा में प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर दोपहर 12 बजे आयोजित इस अभियान में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों और व्यापारियों ने भागीदारी कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
अभियान के दौरान लोगों ने हस्ताक्षर कर प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग का समर्थन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में सामने आ रहे भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों को लेकर जनता के बीच गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सरकार को इन मामलों में पारदर्शिता बरतते हुए जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि प्रदेश में सामने आए लगभग 210 करोड़ रुपये के कथित घोटाले सहित भ्रष्टाचार से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जवाबदेही तय होना जरूरी है। कांग्रेस जनता से जुड़े सवालों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और प्रदेशभर में इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास करेगी।
23 नवंबर को राज्यपाल को सौंपेंगे हस्ताक्षर
कांग्रेस की ओर से बताया गया कि अभियान के तहत एकत्र किए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज और बैनर 20 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में जमा कराए जाएंगे। इसके बाद 23 नवंबर को सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज महामहिम राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।
ये रहे मौजूद
हस्ताक्षर अभियान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, ताराचंद शाह, दीप सिंह डांगी, पार्षद वैभव पांडे, निजाम कुरैशी, भानु दुर्गपाल, इसरार अहमद, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन सिंह रौतेला, बीके पांडे, डॉ. गोविंद लाल, सुशील शाह, पार्षद विकास कुमार, भैरव गोस्वामी, पार्षद मुकेश कुमार डैनी, पंकज कांडपाल, राजेश, आनंद सिंह बिष्ट, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, प्रदेश सचिव किरण आर्य, गीता पांडे, दानिश खान, मनोज वर्मा, ललित सतवाल, वकुल शाह, आशीष भारती, कार्तिक, हरीश आर्या, सेहजाद कश्मीरी, अशोक गोस्वामी, अजीत कार्की, तारा तिवारी, प्रीति बिष्ट, मनोज बिष्ट, विश्वास टम्टा, उमेश गुरुरानी, गोविंद सिंह मेहरा, जया जोशी, गजेंद्र सिंह फर्त्याल, रॉबिन भंडारी, राजेश पालनी, दिनेश जोशी, प्रकाश जोशी, गोपाल भट्ट, पार्षद कुलदीप मेहरा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम फर्त्याल, विनोद वैष्णव, गीता मेहरा, दिनेश पिलख्वाल, दीपक साह, गोविंद सिंह, संजय मेहरा, मुकेश जोशी, दिनेश कुमार, शाकिब सिद्दीकी, अमीर खान, अमन सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और व्यापारी मौजूद रहे।