Fri. Nov 13th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा पूर्व प्रदेश महासचिव, युवा कांग्रेस उत्तराखंड एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल भट्ट ने हल्द्वानी में एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में भाजपा से जुड़े छात्र संगठन ABVP के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की खबर पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

गोपाल भट्ट ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार महिला सुरक्षा और नारी सम्मान के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ सामने आ रहे गंभीर अपराध इन दावों की वास्तविकता उजागर कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उत्तराखंड की बेटियां कब तक असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर रहेंगी? क्या महिला सुरक्षा के सरकारी दावे केवल भाषणों और विज्ञापनों तक ही सीमित रह गए हैं?

उन्होंने कहा कि भाजपा को महिला सुरक्षा पर दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने राजनीतिक और संगठनात्मक दायरे से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। पिछले दस वर्षों में प्रदेश में महिला अपराधों के मामलों में भाजपा से जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की कथित संलिप्तता को लेकर भी सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

गोपाल भट्ट ने मांग की कि हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा पीड़िता को तत्काल सुरक्षा, न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा का सवाल चुनावी नारों से हल नहीं होगा। इसके लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे और अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, जिससे वह बच नहीं सकती।

अंत में गोपाल भट्ट ने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए। आरोपी किसी भी राजनीतिक दल या संगठन से जुड़ा हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, न कि किसी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण।