जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर में सोमवार को न्याय के देवता भगवान गोलू महाराज की ‘गोल्ज्यू संदेश यात्रा’ के पहुंचने पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा के स्वागत में शहर भर में भक्तों की भारी भीड़ जुटी और वातावरण ‘जय गोल्ज्यू’ के जयकारों से गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल से शुरू हुई यह पवित्र यात्रा सोमवार सुबह सबसे पहले प्रसिद्ध चितई गोलू देवता मंदिर पहुँची, जहाँ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा अल्मोड़ा नगर की ओर रवाना हुई।
चितई से आगे बढ़ते हुए यात्रा पलटन बाजार स्थित सिद्ध नौला पहुँची, जहाँ स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद यात्रा मुख्य बाजार से होती हुई ऐतिहासिक मां नंदा देवी मंदिर पहुँची।
शाम के समय नंदा देवी मंदिर में विशेष अनुष्ठान संपन्न किए गए। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु भावुक माहौल में यात्रा के दर्शन करने पहुंचे। अनुष्ठान के उपरांत यात्रा को अगले पड़ाव गैराड़ मंदिर के लिए रवाना किया गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने नम आँखों और अटूट आस्था के साथ भगवान गोलू महाराज से सुख-समृद्धि की कामना की और पूरे मार्ग में भक्ति का माहौल बना रहा।
