जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मत को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़कों के मरम्मत एवं पैचवर्क कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यों की कार्ययोजना एवं कार्यवार विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों, गड्ढों और सड़क के खराब हिस्सों का चिन्हांकन करते हुए उनके पैचवर्क एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यों, उनकी अनुमानित लागत तथा कार्य पूर्ण करने की निर्धारित समयसीमा की जानकारी सीडीओ के समक्ष रखी।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने निर्देश दिए कि मानसून के पश्चात क्षतिग्रस्त सड़कों के पैचवर्क एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पैचवर्क कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की बेहतर स्थिति आमजन के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए बेहद जरूरी है।
बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।