जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नैनीताल उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक रुख अपना लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, 20 जुलाई (सोमवार) के लिए जनपद नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
संभावित भारी से बहुत भारी वर्षा, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
