जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यशाला में जनपद स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों की भूमिका और आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों और विभागीय समन्वय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संबंधित विभागों को लगातार तैयार रखा जा रहा है और आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य आपदाओं से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए निरंतर जागरूकता और सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय बेहतर प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन की तैयारियों और विभागीय समन्वय का आकलन किया जा रहा है। सरकार द्वारा आपदाओं के प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, अपर सचिव आपदा प्रबंधन प्रकाश चंद्र, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
