जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक रुख अपना लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। 20 जुलाई (सोमवार) को जनपद अल्मोड़ा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
संभावित भारी से बहुत भारी वर्षा, भूस्खलन तथा नदी-नालों के उफान की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जनपद अल्मोड़ा के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
