जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर चुनावी प्रचार के दौरान अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी क्षेत्र में रात 11 बजे से देर रात 2 बजे तक ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वृहद चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दो मुकदमे दर्ज करने के साथ ही 20 वाहनों को सीज किया गया और शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों एवं दीवारों पर पोस्टर-होर्डिंग लगाए जाने, वाहनों पर सवार होकर जिग-जैग तरीके से वाहन चलाने, आमजन से गाली-गलौज व मारपीट करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग को घेरकर यातायात और आपातकालीन वाहनों का आवागमन बाधित किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इसके अलावा लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के उल्लंघन की भी जानकारी पुलिस को मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रातभर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार व्यक्तियों—लवराज, दीपक पांडे, हिमांशु कुमार और आशीष पांडे—को गिरफ्तार किया गया। वहीं मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमकर हुड़दंग और अराजकता करने वाले पांच लोगों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हरीश कुमार मुन्स्यारी, सचिन सिंह, पंकज डोबाल, प्रियांशु कुमार और चंद्र प्रकाश शामिल हैं।
वहीं कोतवाली हल्द्वानी में 12 सितंबर 2026 को दो मुकदमे भी दर्ज किए गए। पहला मुकदमा एफआईआर संख्या 313/26 धारा 115(2), 125, 126(2), 19(2), 352 बीएनएस के तहत मुकेश पांडे समेत 18 अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया। दूसरा मुकदमा एफआईआर संख्या 314/26 धारा 2/3 उत्तराखंड सार्वजनिक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2003 के तहत अमन चंद्र समेत सात अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने, सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, यातायात व्यवस्था बाधित करने अथवा आमजन के साथ अभद्रता करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ प्रभावी और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।