Fri. Sep 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली खूंट सहित अल्मोड़ा नगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं राष्ट्रनिर्माता को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पं. पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जन्मस्थली खूंट में आयोजित कार्यक्रम से पूर्व विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद के लिए यह गौरव का विषय है कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी का जन्म इसी धरती पर हुआ। देश को स्वतंत्र कराने और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
वक्ताओं ने पं. पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें महान देशभक्त, समाजसेवी, कुशल प्रशासक और संघर्षशील नेता बताया। उन्होंने कहा कि पंत ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही कुली बेगार प्रथा और जमींदारी उन्मूलन के खिलाफ निर्णायक संघर्ष किया। समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके आदर्श और संघर्ष आज भी समाज एवं देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।
इससे पूर्व अल्मोड़ा स्थित पं. गोविन्द बल्लभ पंत पार्क में भी जयंती समारोह आयोजित किया गया। यहां पं. पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, सामाजिक सुधारों और प्रशासनिक उपलब्धियों को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी भी निकाली। प्रभात फेरी के माध्यम से विद्यार्थियों ने पं. गोविन्द बल्लभ पंत के जीवन एवं उनके आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, रवि रौतेला, भूपेन्द्र सिंह भोज, ललित पंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।