जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.56 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 29 जुलाई 2026 को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड के सामने कच्चे मार्ग से एक युवक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज (32 वर्ष) पुत्र अफगेज, निवासी काबुल का गेट, छोटी रोड, इन्द्रानगर वार्ड नंबर-30, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 14.56 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 123/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। नियमानुसार उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद और कांस्टेबल पान सिंह शामिल रहे।
