Thu. Jul 30th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा माननीय मुख्यमंत्री उदीमान छात्रवृत्ति उन्नयन योजना 2026-27 के अंतर्गत नगर निगम एवं नगर पालिका क्षेत्र स्तर पर आयोजित द्वितीय चयन प्रक्रिया में मानस पब्लिक स्कूल, अल्मोड़ा के 12 छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय अंतिम चरण के ट्रायल के लिए चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम, अल्मोड़ा में 27 एवं 29 जुलाई 2026 को आयोजित नगर निगम स्तरीय ट्रायल में खिलाड़ियों ने विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल में 30 मीटर स्प्रिंट, फ्लाइंग रन, 6×10 मीटर शटल रन, 600 मीटर दौड़, ब्रॉड जंप, मेडिसिन बॉल थ्रो तथा फॉरवर्ड बेंड एंड रीच सहित विभिन्न बैटरी टेस्ट आयोजित किए गए।
मानस पब्लिक स्कूल से चयनित खिलाड़ियों में अवनि बिष्ट, शिवम जोशी, वेदांश भंडारी, लक्ष्य मेहता, लतिका जैम्याल, कनक नेगी और हृदयंश जोशी शामिल हैं। वहीं कुर्मांचल अकादमी, अल्मोड़ा से प्रतीक बिष्ट, सांची नेगी, रिद्धयांशी बिष्ट, आंशिक बिष्ट, मयंक सिंह गैड़ा और यश नेगी भी जिला स्तरीय अंतिम चरण के लिए चयनित हुए हैं। सभी खिलाड़ी अब 3 अगस्त से शुरू होने वाले जिला स्तरीय अंतिम ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
इस उपलब्धि पर मानस पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मंजू बिष्ट, विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रबंधक एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक कमल कुमार बिष्ट (पांचवीं डिग्री ब्लैक बेल्ट) ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दक्षता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उदीमान छात्रवृत्ति उन्नयन योजना से खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के रूप में मिलने वाली सम्मान राशि खेल सामग्री, डाइट, ट्रैकसूट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों पर खर्च करने में सहायता प्रदान करती है।
कमल कुमार बिष्ट ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा खेल मंत्री रेखा आर्या का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दूरदर्शी पहल प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करेगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक अनंत बिष्ट, ताइक्वांडो प्रशिक्षक दीक्षा कांडपाल, नगर निगम खेल समन्वयक पंकज टम्टा, ब्लॉक खेल समन्वयक नवीन वर्मा सहित अनेक शिक्षकों, खेल अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


You missed