जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मां नंदा की आस्था और कुमाऊं-गढ़वाल की सांस्कृतिक एकता को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से मां नंदा देवी मंदिर समिति के नेतृत्व में कुमाऊं का एक शिष्टमंडल मां नंदा लोक जात यात्रा में सम्मिलित होने के लिए रवाना हुआ। चंद वंशज राजा करन चंद्र राज सिंह उर्फ ‘के.सी. सिंह बाबा’ एवं उनके पुत्र युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह के निर्देशानुसार शिष्टमंडल कुमाऊं की ओर से इस पावन यात्रा में सहभागिता करेगा।
गढ़वाल क्षेत्र से प्रारंभ हुई मां नंदा लोक जात यात्रा मां नंदा-सुनंदा की भक्ति, आस्था और सदियों पुरानी लोक परंपराओं का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। कुमाऊं से रवाना हुआ शिष्टमंडल चेपड़ो मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा में शामिल होगा। इस दौरान कुमाऊं की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा का प्रतीक ध्वज भी यात्रा में शामिल रहेगा।
शिष्टमंडल के सदस्य 25 सितंबर को यात्रा के समापन अवसर तक लोक जात यात्रा के साथ रहेंगे। समापन पर सिद्धपीठ देवराड़ा में विशेष पूजा-अर्चना के बाद मां नंदा देवी को नंदा देवी राजराजेश्वरी के गर्भगृह में विराजमान कराया जाएगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि मां नंदा केवल कुमाऊं की आराध्य देवी नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान हैं। लोक जात यात्रा में कुमाऊं की सहभागिता दोनों मंडलों के बीच सदियों से चली आ रही धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल की लोक परंपराओं, आस्था और संस्कृति का यह मिलन उत्तराखंड की साझा विरासत का प्रतीक है। मां नंदा के प्रति दोनों क्षेत्रों की अटूट श्रद्धा इस यात्रा के माध्यम से और अधिक मजबूत होगी।
यात्रा में कुमाऊं का नेतृत्व मंदिर समिति के व्यवस्थापक नरेंद्र वर्मा, देवेंद्र चौहान, गोपाल रावत, चंदन रावत, ललित पांडे, रक्षित साह, गणेश साह, पीयूष वर्मा, पारस पालनी, मनन साह और हिमांशु मेर सहित लगभग 25 रणबांकुरे कुमाऊं के पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ कर रहे हैं। भवाली नंदा देवी मंदिर से कंचन सुयाल, लोकेश जोशी सहित अन्य लोग भी यात्रा में सहभागिता कर रहे हैं।
शिष्टमंडल के प्रस्थान के अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष हरीश बिष्ट, व्यवस्थापक अनुप साह, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा, सदस्य राजेश पालनी, मूर्ति संयोजक रवि गोयल, पार्षद संजय जोशी, सह संयोजक हरीश कनवाल, संजय साह और रवि कन्नौजिया सहित हरीश भंडारी, रणजीत भंडारी, पंडित तारा दत्त जोशी, प्रमोद पाठक, शेखर मिश्रा, मुकेश गुरुरानी, विनोद जोशी, दिव्या जोशी, दीक्षित साह, भगवती बिष्ट, माया वर्मा, प्रभा वर्मा, पारस वर्मा, रोहित साह, पूरन रावत और कार्तिक जोशी समेत समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
इस दौरान सभी ने मां नंदा-सुनंदा से यात्रा के सफल, मंगलमय एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। मां नंदा के जयकारों के बीच शिष्टमंडल को रवाना किया गया। कुमाऊं की संस्कृति का ध्वज, गढ़वाल की लोक जात यात्रा और मां नंदा के प्रति साझा आस्था—यह सहभागिता उत्तराखंड की सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी।