Sat. Sep 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी , श्रीकैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में 13 सितंबर को वीकेंड तथा 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के चलते श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने क्षेत्र में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है।

यातायात के अतिरिक्त दबाव को कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर के रास्ते हल्द्वानी भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार मस्जिद तिराहा भवाली से पीछे रोका जा सकता है अथवा रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

बाहरी जनपदों एवं राज्यों से निजी वाहनों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को भवाली एवं कैंची धाम मंदिर तक भेजने की व्यवस्था रहेगी।

इसी तरह गेठिया-नैनीताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चौपहिया वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

यातायात पुलिस के अनुसार अवकाश एवं वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी एवं दुपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने पर्यटकों, आमजन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए 13 और 14 सितंबर को कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन प्लान का पालन करते हुए अपनी यात्रा करें।